रायगढ़ न्यूज धमाका – जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ठूसकेला राजीव नगर में बुधवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पति बुधराम सिंह, पत्नी सहोद्रा, बेटी शिवांगी और बेटा अरविंद शामिल हैं।
ग्रामीणों को बुधराम सिंह के घर की बाड़ी से बदबू आने पर शक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बाड़ी से चारों शव मिट्टी में दबे हुए मिले।
एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला लग रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है और हत्यारों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार के चारों सदस्य पिछले 4-5 दिनों से लापता थे। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।