
गढ़चिरौली न्यूज़ धमाका /// पुलिस ने 26 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। गढ़चिरौली के एसपी अंकित गोयल ने बताया कि जिले के ग्यारापट्टी के जंगलों में आज महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 यूनिट के साथ मुठभेड़ में 26 नक्सलियों का सफाया कर दिया गया है। इनसे भारी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य जब्त किए गए हैं। एसपी अंकित गोयल ने बताया कि नक्सलियों के साथ गोलीबारी में 4 जवान भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान रविंद्र नेताम (42), सर्वेश्वर अतराम (34), महरू कुदमेठे (34) और टीकाराम कटांगे (41) के रूप में हुई है। इन्हें नागपुर के ऑरेंज सिंटी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है यह मुठभेड़ लगभग 6 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे खत्म हुई। इससे पहले 23 अप्रैल, 2018 को गढ़चिरौली पुलिस ने दो अलग-अलग झड़पों में 40 माओवादियों को मार गिराया था।
एटापल्ली तहसील के बोरिया-कास्नासुर इलाके में जहां 34 मारे गए, वहीं एक ही समूह के 6 लोगों को अहेरी तहसील में कथित तौर पर फरार होने के दौरान मार गिराया गया।

पुलिस के साथ मुठभेड़ में मिलिंद तेलतुंबड़े नाम के एक बड़े नक्सली के मारे जाने की सूचना है। इस पर 50 लाख रुपए का इनाम था। पुलिस सरेंडर किए नक्सलियों से मारे गए लोगों की पहचान करवाएगी। पुलिस के मुताबिक, मिलिंद तेलतुंबड़े भीमा कोरेगांव मामले में दायर NIA की चार्जशीट में भी एक आरोपी था।
मिलिंद आनंद तेलतुंबड़े का भाई है। मिलिंद अपने संगठन के विस्तार के लिए आनंद के लिखे साहित्य का इस्तेमाल करता था। मिलिंद नक्सलियों को प्रशिक्षित करने और नए रंगरूटों को गोरिल्ला युद्ध प्रशिक्षण देने के लिए शिविर आयोजित करता था। मिलिंद, दीपा, प्रवीण, अरुण और सुधीरी के नाम से भी जाना जाता था। मिलिंद की पत्नी एंजेला सोंताके को 2011 में गिरफ्तार किया गया था।
