
दुर्ग न्यूज धमाका – उतई थाना क्षेत्र में एक छोटी सी बात पर खूनी संघर्ष हो गया। घर के सामने गाली-गलौज करने से मना करना एक व्यक्ति को इतना भारी पड़ गया कि उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। धारदार चाकू और डंडे से किए गए इस हमले में पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है और वह ICU में भर्ती है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण:
11 मई 2025 की दोपहर करीब 2:20 बजे ग्राम जोरातराई निवासी रंजीत सिंह अपने घर में था, जब चंदन कुमार उड़िया और सुरेन्द्र बाघ घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। रंजीत ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हमला बोल दिया।
- चंदन ने अपने पास रखे धारदार चाकू से रंजीत के पेट पर वार करने की कोशिश की, जिससे रंजीत के दोनों हाथों की हथेलियां घायल हो गईं।
- सुरेन्द्र बाघ ने पीछे से सिर पर तीन बार चाकू से वार किया।
- रंजीत की पत्नी माधुरी और संतोषी बीच-बचाव कर उसे घर के अंदर ले गईं।
लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। कुछ देर बाद चंदन और सुरेन्द्र अपने अन्य साथी हिमांशु कुर्रे सहित फिर से लौटे और घर में घुसकर रंजीत पर डंडा और हाथ मुक्कों से हमला किया, जिससे उसकी पीठ और दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोटें आईं।
परिजनों पर भी हमला:
हमलावरों ने रंजीत की बुजुर्ग मां और बच्चों को भी नहीं बख्शा। घर में घुसकर सभी को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
पुलिस कार्रवाई:
- उतई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 180/2025 के तहत मामला दर्ज किया है।
- धाराएं: 109, 118(1), 332(बी), 3(5) BNS, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
- पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी चंदन कुमार उड़िया, हिमांशु कुर्रे और सुरेन्द्र बाघ को गिरफ्तार कर लिया है।
- आरोपियों से दो धारदार चाकू और एक डंडा बरामद किया गया है।
- आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच टीम में शामिल अधिकारी:
थाना प्रभारी विपिन रंगारी, उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सउनि नेमन सिंह साहू, आरक्षक नेमु प्रसाद साहू, ध्रुव नारायण चंद्राकर, दुष्यंत लहरे, हुलेश्वर साहू, राजीव दुबे और दिलीप सिंह सिदार की भूमिका सराहनीय रही।



