मुद्दों से ज्यादा भटकाने भाजपा झूठा हल्ला मचा रही
जगदलपुर न्यूज़ बस्तर संभाग में इन दिनों धर्मांतरण का मुद्दा काफी गरमाया हुआ है। भाजपा व कांग्रेस नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी हो रही है। अब आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। कवासी लखमा ने कहा कि, बस्तर के लोग बहुत सीधे हैं। धर्मांतरण को लेकर भाजपा झूठा हल्ला कर रही है। यहां के लोग सब समझते हैं। हिंदुस्तान में सभी धर्म के लोगों को रहने का अधिकार है। अगर किसी को जोर जबरदस्ती से धर्मांतरण के लिए मजबूर किया जाता है तो वो गलत है।मंत्री लखमा ने कहा कि आदिवासियों का घर जलाने वाले कांग्रेस पर आरोप लगाते कह रहे हैं कि धर्मांतरण हुआ है। हम पूछते हैं कि कहां हुआ है? हमें लिख कर दो। भूपेश सरकार कानून के साथ चलती है। यदि ऐसा है तो हम लड़ेंगे। हिन्दू ,सिख, बौद्ध या अन्य कोई भी धर्म हो सभी को जीने का अधिकार है। यदि छत्तीसगढ़ में कोई सरकार का आड़ लेकर धर्मांतरण करवा रहा है तो वो हमें बताए। भाजपा के पास कोई और मुद्दा नहीं है इस लिए वे इस तरह से झूठा प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। गांव का वोट देने वाला हर एक नागरिक जानता है कि कौन झूठ बोल रहा है। छत्तीसगढ़ में रहने वाले सभी वर्ग के लोग भाजपा की इस झूठी भाषा को समझते हैं।
कवासी लखमा – डीजल का रेट बढ़ रहा है, इसलिए मुद्दे से जनता को भटका रही भाजपा
आबकारी मंत्री ने कहा कि, मोदी सरकार ने देश के 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया, वो कहां है? सभी के खाते में 15-15 लाख रुपए जमा कराएंगे, वो कहां है? मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल का रेट हर दिन बढ़ा रही है। इस लिए जनता को मुद्दे से भटकाने के लिए वो धर्मांतरण का सहारा लेकर झूठा प्रचार कर रही है। भाजपा के इस झूठ से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। आने वाले विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। वहीं केंद्र में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
डॉ रमन सिंह – कांग्रेस सरकार में धर्मांतरण जोरो पर है
छत्तीसगढ़ के पूर्व CM व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने भी बस्तर में आयोजित चिंतन शिविर में धर्मांतरण के मुद्दे को उठाया था। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की सरकार में धर्मान्तरण बड़ी तेजी से होता है। छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई है और भूपेश बघेल CM बने हैं तब से धर्मांतरण ने तेजी पकड़ ली है। पिछले ढाई सालों में बस्तर, सरगुजा सहित जशपुर जैसे इलाकों में सरकार के संरक्षण में धर्मांतरण बहुत ज्यादा हो रहे हैं।