
रायगढ़ न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। तमनार पुलिस ने 37 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा से यह अवैध सामग्री लेकर रायगढ़ में खपाने की कोशिश कर रहे थे।
मुखबिर से मिली सूचना पर तमनार थाना पुलिस ने सलिहाभांठा चौक पर सेंट्रो कार (क्रमांक CG13 C 5581) को घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान कार में दो बोरियों में रखा गया कुल 37 किलो गांजा बरामद हुआ। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों— श्रीपति चौहान (35), रोहित किसान (28), और विमल यादव (19) — को गिरफ्तार किया है। ये सभी रायगढ़ जिले के तमनार थाना अंतर्गत टांगरघाट गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार (अनुमानित कीमत ₹2.50 लाख), तीन मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹25 हजार), और बरामद गांजा (बाजार मूल्य ₹3.70 लाख) सहित कुल ₹6.45 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाने की बात स्वीकार की है। इसके साथ ही उन्होंने दो ओडिशा-स्थित सप्लायर्स के नाम भी उजागर किए हैं, जिन्हें मामले में सह-आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल, पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे के कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
