
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। विवाद के दौरान पिता ने बेटे को थप्पड़ मारा, जिससे नाराज युवक ने गुस्से में आकर पिता की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, कबीर नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले चंद्रकांत बेहुरा का अपने पिता विद्याधर बेहुरा से 30 जुलाई को किसी बात पर विवाद हो गया। चंद्रकांत ने गुस्से में घर का सामान तोड़ना शुरू कर दिया।
इस पर पिता विद्याधर ने उसे रोकने की कोशिश की और दो थप्पड़ मार दिए। थप्पड़ लगने से चंद्रकांत आग-बबूला हो गया। उसने पहले पिता को जमीन पर धक्का दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी, और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मकान मालिक गुरदीप सिंह प्रधान ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी चंद्रकांत को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल के अनुसार, चंद्रकांत बेरोजगार था और पिता-पुत्र के बीच अक्सर पैसों को लेकर विवाद होता था। यह परिवार मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है।



