
सुकमा न्यूज धमाका – बस्तर में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। नदियां उफान पर हैं और सैकड़ों परिवार बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इसी बीच गोरली नदी में 29 घंटे से फंसे एक ग्रामीण को नगरसेना की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
कैसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
अंदुमपाल इलाके में मंगलवार को अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया। इस दौरान 60 वर्षीय ग्रामीण पेड़ का सहारा लेकर नदी के बीच फंस गया। सूचना मिलने पर कलेक्टर देवेश ध्रुव के निर्देश और छिंदगढ़ तहसीलदार व जनपद सीईओ की मौजूदगी में नगरसेना ने ग्रामीण को सुरक्षित निकाल लिया। ग्रामीण के सुरक्षित लौटने से परिवार और गांव में राहत की सांस ली गई।
शहर और हेडक्वार्टर भी जलमग्न
भारी बारिश के चलते सुकमा शहर के वार्ड 11, 12 और 13 में पानी भर गया है। सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। वहीं जिला मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ सेकेंड बटालियन हेडक्वार्टर भी जलमग्न हो गया, जिसके बाद कार्यालय खाली कराकर जवानों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
मंत्री कश्यप की अपील
बस्तर के हालात पर चिंता जताते हुए मंत्री केदार कश्यप ने सुकमा कलेक्टर को फोन पर स्थिति की निगरानी करने और प्रशासनिक टीम को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
