
दुर्ग,न्यूज़ धमाका :-जिले के पर्यावरण प्रेमियों ने मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में पर्यावरण प्रेमी स्व. गेंदलाल देशमुख द्वारा लगाए गए पेड़ों के संरक्षण का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि स्व. गेंदलाल देशमुख द्वारा कोड़िया से लेकर महाराजा चौक दुर्ग तक बरगद, पीपल, नीम आदि के लगभग 300 पौधे लगाए थे। जो अब बड़े हो चुके हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित सड़क निर्माण में इनके काटे जाने की आशंका है। पर्यावरण प्रेमियों ने अपने सुझाव में कहा कि विभाग द्वारा किनारे-किनारे से ऐसे वैकल्पिक मार्ग का चयन किया जा सकता है। जिससे न्यूनतम पेड़ कटने की संभावना बने।
कलेक्टर जनदर्शन में उक्ताशय का आवेदन लेकर पहुंचने वालों में हितवा संगवारी के साथ रिसाली पर्यावरण मित्र हरित क्रांति संघ के सदस्य भी शामिल थे। इस संबंध में कलेक्टर डा सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क चौड़ीकरण ऐसे विकल्पों को चुने जिसमें न्यूनतम पेड़ काटे जाने की आशंका हो।
अनेक नागरिक समाज को लेकर अपनी सक्रिय भूमिका अदा कर रहे हैं। ये नागरिक जनदर्शन का लाभ आम जनता तक पहुंचाने अनूठा प्रयोग करने में लगे हुए हैं और जन सरोकार से संबंधित आवेदन जनदर्शन में प्रस्तुत कर रहे हैं। इसी के तहत एक आवेदक ने भी कलेक्टर के समक्ष आवेदन लगाया था जो कि इलाके की जनसंख्या पर आधारित लोक सेवा केंद्र पर था। आवेदक का कहना है कि आज पहचान पत्र सभी व्यक्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
चाहे फार्म भरना हो या सरकारी योजना का लाभ लेना हो सभी में आधार कार्ड से लेकर अन्य पहचान पत्रों की आवश्यकता पड़ती है। प्रत्येक शनिवार को लोकसेवा केंद्र बंद रहता है परंतु जनसंख्या घनत्व को देखते हुए इस दिन भी लोक सेवा केंद्र को खोला जाए तो नागरिकों को सुविधा होगी। कलेक्टर ने आवेदन लेकर इससे संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया और त्वरित निराकरण करने के आदेश दिए।
नियमितीकरण की मांग को लेकर पहुंचे : आदिम जाति कल्याण विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने नियमितिकरण की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन किया है। इसके पहले कर्मचारियों ने अपने कार्यालय के बाहर बैठकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में करीब 60-70 कर्मचारी शामिल हुए। कलेक्टर को दिए आवेदन में कर्मचारियों ने कहा है कि मांग पूरी नहीं होने पर वे 29 अप्रैल को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।



