
कोंडागांव न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फरसगांव जनपद पंचायत की सदस्य रैयमती कोर्राम (45 वर्ष) पिछले 8 दिनों से लापता हैं। रैयमती इलाज के लिए घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद से न तो उनका कोई अता-पता है और न ही फोन से संपर्क हो पा रहा है। परिजनों ने अब फरसगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थी
रैयमती कोर्राम के पति के अनुसार, 9 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे रैयमती बिना कुछ बताए घर से निकली थीं। कुछ समय बाद उन्होंने फोन कर बताया था कि वे जिला अस्पताल इलाज कराने जा रही हैं। इसके बाद से परिजनों ने उनसे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।
कोई सुराग नहीं, रिश्तेदारों और अस्पताल में भी की तलाश
परिजनों ने जिला अस्पताल जाकर पूछताछ की और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन रैयमती की कोई जानकारी नहीं मिल पाई। लापता होने के आठ दिन बाद आखिरकार पति ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।
विवरण जारी किया गया
गुमशुदगी के समय रैयमती कोर्राम ने लाल रंग की साड़ी, गले में सोने का मंगलसूत्र, कानों में सोने के टॉप्स, और नाक में सोने की फूली पहनी हुई थी। उनका रंग सांवला, कद लगभग 5 फुट, और वे हिंदी, हल्बी, तथा छत्तीसगढ़ी भाषा में बात कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने एक बैग भी साथ में लिया था जिसमें कपड़े रखे थे।
पुलिस कर रही जांच, जनता से सहयोग की अपील
फरसगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही जनता से अपील की गई है कि यदि किसी को रैयमती कोर्राम के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।



