
05 अगस्त 2026 //
अयोध्या न्यूज़ धमाका – श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में रामलला के दर्शन को सुगम बनाने के लिए श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। अब राम मंदिर में आरती दर्शन के लिए आधार कार्ड के जरिए तत्काल पास जारी करने की नई व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए तत्काल आरती दर्शन पास सेवा शुरू कर दी है। दर्शन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालु बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र से रोजाना सुबह 9 बजे आधार कार्ड दिखाकर पास प्राप्त कर सकते हैं।
आरती के प्रकार और बुकिंग की समय-सीमा
रामलला और राम परिवार की तीनों आरतियों के लिए अलग-अलग पास जारी किए जाएंगे। सुबह 4 बजे होने वाली मंगला आरती और सुबह 6 बजे की श्रृंगार आरती के लिए बुकिंग एक दिन पहले होगी, जबकि रात 9 बजे होने वाली शयन आरती के लिए पास उसी दिन दिए जाएंगे। ट्रस्ट द्वारा प्रतिदिन रामलला की आरती के लिए 45 और राम परिवार की आरती के लिए 15 पास निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से आरती दर्शन के लिए 100 पास और रेफरल श्रेणी के तहत कुल 75 पास पहले से उपलब्ध हैं।
विशेष अतिथियों के पास और दैनिक पासों की समीक्षा
जिला प्रशासन या सैनिक सदन के लिए कोई अलग कोटा नहीं रखा गया है, और विशेष अतिथियों के लिए सीधे ट्रस्ट से संपर्क करना होता है। वर्तमान में काउंटर पर नई आईडी से पास नहीं बन रहे हैं, बल्कि ट्रस्टियों की संस्तुति पर ही रेफरल पास जारी किए जा रहे हैं। वहीं, नित्य दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के नए दैनिक पास जारी करने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है और अब तक जारी 2,743 पासों की व्यापक समीक्षा की जा रही है, साथ ही छह महीने की वैधता वाले पुराने पासों के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।