
सीतापुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सीतापुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ। कोटछाल बांध में नहाने गए 32 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मृतक की पहचान ग्राम बंगरकालो जामढोढ़ी निवासी सुलेश मरावी पिता अंतराम मरावी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह परिवार के साथ बांध में नहा रहा था, तभी अचानक फिसलकर गहरे पानी में चला गया। उसके बहनोई ने बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी असफल रहे।
SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पांडेय पुलिस बल और SDRF की टीम के साथ मौके पर पहुँचे। स्थानीय तैराकों ने भी युवक की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। SDRF की टीम ने गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। टीम अगले दिन भी खोज अभियान जारी रखेगी।
गांव में मातम
इस हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठी हो गई थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गाँव में शोक का माहौल है।



