
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धर्मांतरण के मामले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के प्रगति नगर वार्ड 10 में किराए के मकान में धर्मांतरण कराने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मकान को सील कर दिया है।
शिकायतकर्ता सागर सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त की सुबह प्रगति नगर गली नंबर 2 स्थित प्रतिमा अल्फ्रेड के मकान में किरायेदार सरस्वती कुर्रे की बेटी संगीता श्रीवास, दामाद पवन श्रीवास, और उनके साथी मुकेश हथठेल व एनी रोज मिलकर मोहल्ले की आर्थिक रूप से कमजोर हिंदू युवतियों को बहला-फुसलाकर, प्रलोभन देकर और दबाव बनाकर धर्मांतरण करा रहे थे। बताया गया कि वहां प्रार्थना सभा आयोजित कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस ने धारा 299 और 353(1)(C) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की। हिंदू संगठनों की मांग पर मकान को सील कर दिया गया है।
सिरगिट्टी टीआई किशोर केंवट ने बताया कि प्रार्थना सभा के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।



