
दुर्ग न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नवविवाहित दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पति-पत्नी रिश्तेदार के घर से डिनर कर के लौट रहे थे। उनकी स्कूटी को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया।
हादसे का विवरण
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शिवकुमार कुर्रे और उनकी पत्नी मुस्कान कुर्रे, निवासी वार्ड क्रमांक 13, कोहका, शुक्रवार रात करीब 11 बजे खुर्सीपार क्षेत्र में स्थित क्रॉसओवर ब्रिज के पास अपनी स्कूटी से लौट रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दो महीने पहले ही हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार और मुस्कान की शादी मात्र दो महीने पहले ही हुई थी। दोनों अपने रिश्तेदार लवकुमार डाहरे के घर से भोजन करके लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ। इस त्रासदी ने परिवार सहित पूरे मोहल्ले को शोक में डुबो दिया है।
परिजनों का आक्रोश, हाईवे पर चक्काजाम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शवों को सड़क पर रखकर नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की। कई घंटे तक मार्ग बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में किया और जाम को हटवाया।
पुलिस जांच जारी
सुपेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



