
धमतरी न्यूज धमाका – जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मोबाइल फटने की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हादसे में भटगांव निवासी रोहित सिन्हा की मौत हो गई। घटना के वक्त उसके मोबाइल फोन में जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही जान चली गई।
क्या हुआ हादसे के वक्त?
भटगांव का रहने वाला रोहित सिन्हा रोज की तरह अपने काम से लौटकर घर आया था। देर रात वह घर के पीछे बन रहे टाइल्स का काम देखने गया था। तभी अचानक तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसी दौरान उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन ब्लास्ट हो गया।
ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां रोहित बेहोश हालत में ज़मीन पर पड़ा मिला। उसे तुरंत धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी छाती पर ब्लास्ट के गंभीर निशान पाए गए।
गांव में मातम, प्रशासन भी सतर्क
रोहित की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने भी लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।
मोबाइल ब्लास्ट और आकाशीय बिजली – क्या है संबंध?
विशेषज्ञों के अनुसार, आकाशीय बिजली के दौरान मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकली विद्युत तरंगें और सिग्नल बिजली को आकर्षित कर सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में मोबाइल का इस्तेमाल या उसे शरीर के पास रखना खतरनाक हो सकता है।
इससे पहले भी देश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली से मोबाइल ब्लास्ट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
बिजली गिरने के दौरान बरतें ये सावधानियां:
- खुले मैदान या छत पर मोबाइल का इस्तेमाल न करें
- आंधी-तूफान के दौरान मोबाइल को स्विच ऑफ कर दें
- बिजली की गड़गड़ाहट के दौरान पेड़ों या ऊंची जगहों से दूर रहें
- घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें


