छत्तीसगढ

पुलिस ने मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर 34 लाख के गांजे के साथ 2 लोगों को पकड़ा

गांजा को उत्तरप्रदेश लेजाने का था चक्कर

जगदलपुर न्यूज़ जगदलपुर-ओडिशा सीमा पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर 2 आरोपियों को 34 लाख रुपए के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से 680 किलो गांजा जब्त किया गया है। आरोपियों ने बताया है कि वे यह गांजा ओडिशा से ले जाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने वाले थे। ये कार्रवाई नगरनार पुलिस ने की है।मंगलवार को नगरनार पुलिस को सूचना मिली कि कुछ गांजा तस्कर ओडिशा की तरफ से गांजा लेकर आने वाले हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम को जगदलपुर-ओडिशा सीमा पर भेजा गया। टीम से कहा गया कि मौके पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाया जाए और आरोपियों को पकड़ा जाए। पुलिस मोबाइल चेक पोस्ट सुचना एकत्रित करने,अवैध तरीके से होने वाली गतिविधियों को रोकने और किसी भागते हुए गाड़ी को पकड़ने जैसे काम के लिए लगाती है।

उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं आरोपी


पुलिस की टीम ने मौके पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाया हुआ था। उस दौरान पुलिस ने कई गाड़ियों से भी पूछताछ की। इसी दौरान एक ट्रक ओडिशा की तरफ से आ रही थी। उसे भी पुलिस ने रोका और पूछताछ की। पूछताछ में ट्रक सवार आरोपियों ने अपना नाम उमाशंकर (29) और सत्यवीर सिंह (30) बताया है। दोनों ने बताया कि वे उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रक की भी तलाश ली। इसमें पुलिस को 680 किलो गांजा मिला है। दोनों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से लेकर आ रहे थे। इस गांजे को वे उत्तर प्रदेश में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने गांजे से भरी ट्रक के अलावा उमाशंकर और सत्यवीर सिंह से एक ट्रक, 2 मोबाइल और 3 ATM कार्ड भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने DGP को बॉर्डर पर पुलिस चेकपोस्ट बनाने दिए हैं निर्देश

प्रदेश में गांजा तस्करों के पकड़े जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में पहले भी गांजा तस्कर पकड़ाते रहे हैं। यही वजह है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 5 दिन पहले DGP डीएम अवस्थी को पड़ोसी राज्यों से जुड़ी सीमाओं पर पुलिस चेकपोस्ट बनाने के निर्देश दिए हुए हैं।DGP ने भी बॉर्डर वाले जिलों के सभी SP को निर्देश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि सीमावर्ती राज्यों से अवैध गांजे के लाने ले जाने की सूचना अक्सर मिलती रहती है। इस तस्करी पर रोकथाम के लिए बाकी प्रदेशों से लगी सीमाओं पर चेकपोस्ट लगाना सुनिश्चित करें। DGP की ओर से कहा गया है, सीमावर्ती राज्यों से आने वाले रास्तों में चेकपोस्ट लगाकर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल तैनात करते हुए अवैध गांजा, शराब एवं अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी पर तुरंत रोक लगाएं।

हर साल 600 करोड़ का गांजा छत्तीसगढ़ के रास्ते होकर जाता है


ओडिशा और आंध्रप्रदेश से जो गांजा देश भर के 17 राज्यों में पहुंचता है, उसकी तस्करी के लिए छत्तीसगढ़ के 14 रास्तों का प्रयोग तस्कर करते हैं। ये वो रास्ते हैं, जहां से हर साल 600 करोड़ रुपए कीमत का गांजा देश के अलग-अलग राज्यों तक पहुंचता है। इसमें उत्तर प्रदेश जाने के लिए तस्कर ओडिशा-जगदलपुर सीमा का इस्तेमाल भी करते हैं। एनएच-63 ओडिशा, छग को सीधे जोड़ता है। बस्तर पुलिस ओडिशा से निकलने वाले गांजे को बॉर्डर पर नगरनार के पास ही पकड़ती है। इस बार भी नगरनार पुलिस ने ही गांजा तस्करों को पकड़ा है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!