
गरियाबंद न्यूज धमाका – दर्रीपारा इलाके में संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट और गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसके सगे मामा ने ही की है।
सोमवार को दर्रीपारा में युवक जयलाल निषाद का शव घर के बरामदे से बरामद हुआ था। उसके चेहरे और शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में विवाद और नशे की आशंका जताई गई थी।
पुलिस जांच और खुलासा
मामले में पुलिस ने जयलाल के मामा चंद्रकुमार नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि भांजा नशे की हालत में अक्सर घर आकर विवाद करता था। लगातार झगड़े से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
कार्रवाई
डीएसपी और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
