
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ अब डिजिटल क्रांति की अगली पंक्ति में कदम रखने जा रहा है। देश की अग्रणी टेक्नोलॉजी कंपनी ESDS Software Solution Ltd ने रायपुर में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव राज्य सरकार को सौंपा है।
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में हुई बैठक के दौरान कंपनी के चेयरमैन पीयूष सोमानी और उपाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया। अधिकारियों के अनुसार, यह डेटा सेंटर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देशभर में AI, क्लाउड टेक्नोलॉजी और साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा:
“डिजिटल इंडिया की भावना को छत्तीसगढ़ में धरातल पर उतारने के लिए यह निवेश मील का पत्थर साबित होगा। सरकार इस परियोजना को जल्द से जल्द मूर्तरूप देने के लिए हर संभव सहयोग करेगी।“
टेक्नोलॉजी हब बनने की ओर छत्तीसगढ़
इस निवेश से रायपुर में एक AI-सक्षम हाइब्रिड डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा, जो सरकार, स्टार्टअप्स, उद्यमों और नागरिक सेवाओं के लिए तेज़ और सुरक्षित डेटा सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
प्रमुख लाभों में शामिल होंगे:
- युवाओं के लिए उच्च स्तरीय रोजगार के अवसर
- IT स्टार्टअप्स के लिए बेहतर संसाधन और इंफ्रास्ट्रक्चर
- छत्तीसगढ़ का AI और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में उभरता नेतृत्व
- डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस प्रगति
महत्वपूर्ण उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और राज्य के इनवेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने परियोजना को लेकर प्रारंभिक समन्वय और गति प्रदान करने का आश्वासन दिया।



