छतीसगढ़बीजापुर

बीजापुर में नक्सलियों का खूनी खेल: कांग्रेस कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में फैली दहशत

बीजापुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में एक बार फिर माओवादियों ने खूनी खेल खेला है। उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर गांव में रविवार देर रात कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद से इलाके में भारी दहशत का माहौल है।

वारदात की पूरी जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार, नागा भंडारी को रविवार रात उनके घर के पास ही निशाना बनाया गया। धारदार हथियार से किए गए हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

परिवार पर दोबारा टूटा नक्सली कहर

बताया जा रहा है कि मृतक नागा भंडारी के बड़े भाई तिरुपति भंडारी की भी पिछले वर्ष 24 अक्टूबर 2024 को नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। उस वक्त उन्हें ग्राम उसूर के पास दिनदहाड़े निशाना बनाया गया था। दो भाइयों की इस तरह से हत्या के बाद परिवार और गांव में दहशत व्याप्त है।

पुलिस जांच जारी, पुष्टि अभी बाकी

फिलहाल पुलिस ने नागा भंडारी की हत्या को लेकर माओवादियों की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्रारंभिक जांच में नक्सली वारदात की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल से कोई पर्चा या संदेश बरामद नहीं हुआ है, जिससे हत्या के पीछे की वजह साफ हो सके।

क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद लिंगापुर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। बीजापुर पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!