
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर 57 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानीबस्ती थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
कैसे दिया गया झांसा?
पीड़ित हरीश सालुखे, निवासी यूनिक पैराडाइज, भाठागांव, एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं। उन्हें मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में बड़ा लाभ कमाने का प्रलोभन दिया गया।
- ठगों ने पहले WhatsApp ग्रुप में फर्जी लाभ के एसएमएस भेजे
- धीरे-धीरे एक से डेढ़ महीने में 57 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए
- जब पीड़ित ने पैसे विड्रॉल करने की कोशिश की, तब भी और पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया
ठगी का अहसास और कार्रवाई
जब हरीश सालुखे को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत पुरानीबस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। टीआई योगेश कश्यप ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7.5 लाख रुपये होल्ड कराए।
कैसे किया गया ट्रांजेक्शन?
जांच में सामने आया कि रकम को बैंक ऑफ महाराष्ट्र और बंधन बैंक के म्यूल खातों (फर्जी अकाउंट्स) में ट्रांसफर कर तुरंत निकासी कर ली गई। म्यूल एकाउंट्स की जानकारी के आधार पर साइबर ठगों की पहचान और पकड़ के प्रयास जारी हैं।
रायपुर साइबर थाना पहले भी कर चुका है कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि रायपुर रेंज का साइबर थाना पहले भी 200 से अधिक साइबर अपराधियों और म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार कर चुका है। यह मामला भी उसी गंभीरता से जांच के दायरे में है।
