
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई हुई है। स्कूल में पढ़ाने के बजाय ठेकेदारी करने वाले शिक्षक सुधीर कुमार राय को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक सुधीर कुमार राय स.शि.एल.बी. प्रा.शा. बरझोरकीटोला में पदस्थ थे। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे सीसी रोड और पुलिया निर्माण कार्य की ठेकेदारी करते दिखे। शिकायत मिलने पर डीईओ ने मामले को गंभीरता से लिया और वि.ख.शि.अ. मरवाही को जांच के निर्देश दिए।
जांच में पाया गया कि:
- शिक्षक स्कूल समय में अनुपस्थित रहते थे।
- वे शाला में अनियमित उपस्थित रहते थे।
- वीडियो और शिकायतें सही साबित हुईं।
डीईओ ने माना कि यह कृत्य शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता है, जो कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 का उल्लंघन है।
इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत सुधीर कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि में राय का मुख्यालय कार्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी गौरेला निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।




