
जशपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जशपुर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के होटलों, लॉज, ढाबों, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चला अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस दौरान होटल, लॉज और धर्मशालाओं के मालिकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र और उसकी सही जांच के किसी भी अंजान व्यक्ति को ठहरने न दें।
अंतर्राज्यीय गिरोहों पर निगरानी
पुलिस ने आशंका जताई है कि कई अंतर जिला और अंतर्राज्यीय गिरोह अपराध की वारदातों से पहले रेकी करने और वारदात के बाद छिपने के लिए ऐसे स्थानों का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए मालिकों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
होटल-ढाबों पर सख्त नियम
चेकिंग के दौरान पुलिस ने होटल व ढाबा मालिकों को समझाइश दी कि:
- बिना दस्तावेज वाले व्यक्ति को ठहरने न दें।
- असामाजिक तत्वों को अनावश्यक बैठने की अनुमति न दें।
- शराब पिलाने या बेचने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध पाए जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में आने वाले मुसाफिरों के पहचान दस्तावेजों की जांच करें और रजिस्टर में एंट्री करें। संदिग्ध पाए जाने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस ने जारी किया कंट्रोल रूम नंबर
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 9479193699 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।