बिलासपुर न्यूज धमाका – न्यायधानी बिलासपुर में बहतराई रोड स्थित गीतांजलि सिटी फेस-1 में अवैध रूप से संचालित OYO होटल पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्षद रेखा पांडेय की शिकायत पर निगम की भवन शाखा ने तीन मंजिला अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह भवन गायत्री केडिया के नाम पर है। बिना किसी वैध अनुमति और स्वीकृत नक्शे के यहां 17 कमरों वाला होटल तैयार कर OYO के नाम से संचालन किया जा रहा था। भवन का नक्शा निगम से पास नहीं कराया गया था, बावजूद इसके होटल कई महीनों से चल रहा था।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
पार्षद रेखा पांडेय ने होटल के अवैध संचालन की शिकायत नगर निगम आयुक्त से की थी। शिकायत के बाद भवन शाखा की टीम ने जब स्थल निरीक्षण किया तो पता चला कि भवन बिना स्वीकृति के निर्मित किया गया है और यहां होटल संचालन भी नियमों के विरुद्ध किया जा रहा है।
बोर्ड हटाया, फिर भी जारी था संचालन
सूत्रों के मुताबिक, पहले भवन पर OYO का बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन स्थानीय विरोध के बाद उसे हटा दिया गया। इसके बावजूद होटल का संचालन गुपचुप तरीके से जारी था। निगम टीम के पहुंचने पर वहां मौजूद स्टाफ से जब दस्तावेज मांगे गए तो कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके।
भवन सील, आगे होगी जांच
निगम आयुक्त के आदेश पर भवन शाखा की टीम ने होटल को तत्काल सील कर दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम अब भवन मालिक के खिलाफ अवैध निर्माण और नियम उल्लंघन के तहत प्रकरण दर्ज करने की तैयारी में है।