
कोंडागांव न्यूज धमाका – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शनिवार को कोंडागांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यादव समाज गोवर्धन सेवा समिति की ओर से श्रीराधा कृष्ण मंदिर में विशेष आयोजन हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने भगवान श्रीकृष्ण से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
दोपहर एक बजे मंदिर से नगर के मुख्य मार्गों पर भव्य शोभायात्रा निकली। भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी और बलराम की जीवंत झांकियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण पारंपरिक राउत नाचा रहा, जिसने जनसमूह का दिल जीत लिया।
आयोजन में यादव समाज के सैकड़ों सदस्य शामिल हुए, वहीं नगरवासी भी भारी संख्या में उमड़े। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल भी उपस्थित रहे। शहरभर में भक्ति और उल्लास का वातावरण छा गया और चारों ओर “जय श्रीकृष्ण” के जयकारे गूंजते रहे।



