
बिलासपुर न्यूज धमाका – ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने पुलिस प्रशासन और आम नागरिकों को चौंका दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आए इन मामलों में कुल 38.5 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
1. शेयर बाजार में डबल रिटर्न का झांसा, 16 निवेशकों से 30 लाख की ठगी
पहले मामले में आरोपी अनुज मेमन ने ‘ट्रेड जेनिक्स’ नामक फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को अमेरिकी डॉलर में निवेश कर हर दिन 2 प्रतिशत रिटर्न और 100 दिनों में पैसा डबल होने का झांसा दिया। वह विभिन्न होटलों में सेमिनार आयोजित कर लोगों को फंसाता था। पुलिस ने उसे एक होटल से गिरफ्तार किया है।
अब तक की जांच में सामने आया है कि अनुज मेमन ने 16 लोगों से कुल ₹30 लाख 40 हजार की ठगी की है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
2. फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बन महिला से ₹8.5 लाख की ठगी
दूसरे मामले में आरोपी ने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर एक महिला को अपने जाल में फंसाया। उसने महिला को धमकाया कि उसके बच्चों के खिलाफ पोर्न फिल्म देखने का फर्जी मामला दर्ज हो चुका है और गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।
डर के मारे महिला ने आरोपी को अलग-अलग किश्तों में कुल ₹8.5 लाख ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील:
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी निवेश योजना या दबाव में आकर पैसे का लेन-देन न करें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
