छतीसगढ़बिलासपुर

बेटे का गजब कारनामा : पैसों की जरूरत पड़ी तो खुद की किडनैपिंग रच डाली, पिता से मांगी 10 लाख की फिरौती

बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पैसों की जरूरत पड़ने पर खुद के अपहरण की साजिश रच डाली और अपने ही पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांग ली। पुलिस ने युवक को पेंड्रा से गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा जल्द बिलासपुर पुलिस द्वारा किया जाएगा।


कैसे रची गई खुद की किडनैपिंग की साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय कुमार यादव, जशपुर जिले के देहराखार नारणयपुर का रहने वाला है। वह पिछले 10 साल से बिलासपुर के कस्तूरबा नगर में किराए के मकान में रह रहा था। संजय ने एमएससी तक पढ़ाई की है और परिवार को बताया था कि वह कोचिंग सेंटर में पढ़ाता और बैंक में काम करता है।

1 अक्टूबर को उसने अपने पिता बालेश्वर यादव को फोन कर बताया कि वह घर आ रहा है, लेकिन रातभर वह घर नहीं पहुंचा। अगले दिन जब फोन बंद मिला तो परिवार चिंतित हो गया। जब पिता बिलासपुर पहुंचे, तो बेटे के कमरे में ताला लगा हुआ मिला और उसका मोबाइल भी बंद था।


फिरौती के लिए खुद किया फोन

कुछ घंटे बाद पिता को फोन आया कि 8 से 10 लोगों ने संजय का अपहरण कर लिया है और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। आरोपी ने खुद कई बार फोन कर पिता से कहा कि “अपहरणकर्ताओं” ने उसे छोड़ने के लिए पैसे मांगे हैं। जब पिता ने पैसे जमा करने का तरीका पूछा तो संजय ने कहा कि “मेरे ही बैंक अकाउंट में पैसे डाल दो।”

पिता को शक हुआ और उन्होंने जशपुर स्थित सीएम हाउस को इसकी सूचना दी। सीएम हाउस से फोन आने के बाद सिविल लाइन पुलिस हरकत में आई और गुम इंसान का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की।


पुलिस को मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को युवक की मोबाइल लोकेशन कभी बिलासपुर, कभी गौरेला, तो कभी रायगढ़ की मिल रही थी। मोबाइल बार-बार बंद और चालू हो रहा था, जिससे पुलिस को लोकेट करने में कठिनाई हो रही थी।

पुलिस को पता चला कि युवक कोरबा क्षेत्र की एक युवती के साथ किराए के मकान में रह रहा था। जब पुलिस ने युवती से पूछताछ की, तो उसने बताया कि संजय “गांव जा रहा हूं” कहकर निकला था, उसके बाद संपर्क नहीं हुआ।

अंततः पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर संजय यादव को पेंड्रा से गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस जांच जारी

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि संजय ने यह कदम क्यों उठाया और क्या इसमें किसी और की संलिप्तता थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक पर आर्थिक दबाव था और उसने पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए यह फेक किडनैपिंग प्लान बनाया था।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!