
कांकेर न्यूज धमाका – कांकेर जिले के रतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पी. व्ही. 70 शांतिनगर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने आत्महत्या के इरादे से जहर खा लिया, जिससे तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है, जबकि माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी बैरागी परिवार के सभी पांच सदस्यों ने शुक्रवार रात जहर खा लिया। बच्चों की पहचान वर्षा बैरागी (11 वर्ष), दीप्ती बैरागी (7 वर्ष) और देवराज बैरागी (5 वर्ष) के रूप में की गई है। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माता-पिता को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल पखांजूर में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद या आर्थिक तंगी मानी जा रही है, हालांकि सटीक कारण का खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग पर ज़ोर देने की ज़रूरत
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि समाज में मानसिक स्वास्थ्य, आर्थिक समस्याएं, और पारिवारिक तनाव किस कदर गंभीर रूप ले रहे हैं। प्रशासन और समाज को मिलकर ऐसे परिवारों तक समय रहते सहायता पहुँचाने की ज़रूरत है।



