
धमतरी न्यूज धमाका – जिले के ग्राम भानपुरी में लूट के दौरान बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आधा दर्जन लूटेरों ने बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट ली। विरोध करने पर लूटेरों ने बुजुर्ग कृतराम साहू (निवासी ग्राम भानपुरी) की चाकू मारकर हत्या कर दी।
घटना का विवरण
यह घटना 1 सितंबर की रात 2 से 3 बजे के बीच हुई। सभी आरोपी धारदार हथियार लेकर घर में घुसे और दंपति को बंधक बनाकर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटने लगे। बुजुर्ग द्वारा विरोध करने पर लूटेरों ने उन पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था क्योंकि सभी लूटेरों ने चेहरे ढक रखे थे। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की। लगातार चार दिन तक तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- धनराज यादव (22) – ग्राम भठेली
- हुपेन्द्र बांधे (18 वर्ष 11 माह) – ग्राम भठेली
- चेतन कुमार साहू (19) – ग्राम भठेली
- कलेश्वर ध्रुव (22) – ग्राम कचना
- हेमसागर मण्डावी (20) – ग्राम गुजरा, हाल संतोषी नगर रायपुर
- सोमप्रकाश देवांगन (36) – ग्राम कुर्रा
बरामद सामान और कानूनी धाराएं
पुलिस ने आरोपियों से सोने के ईयररिंग, चांदी की पायल, 1,400 रुपये नकद, लूट का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो चाकू, मोटरसाइकिल (CG-05-AS-2814) और घटना के समय पहने कपड़े व जूते बरामद किए।
आरोपियों पर धारा 103(1), 309(6), 310(3), 331(8), 49, 61, 238 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



