
रायगढ़ न्यूज धमाका – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की 69,15,994 महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1000-1000 रुपये की राशि अंतरित की। कुल 647.13 करोड़ रुपये की यह राशि एक क्लिक के माध्यम से भेजी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा, “माताओं और बहनों का सम्मान और सशक्तिकरण ही राज्य की समृद्धि का आधार है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आत्मसम्मान को सशक्त करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।”
अब तक 12,376.19 करोड़ रुपये की सहायता
1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत अब तक 69 लाख से अधिक पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। 19वीं किस्त सहित अब तक कुल 12,376.19 करोड़ रुपये हितग्राहियों तक पहुँचाए जा चुके हैं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बयान
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सम्मान प्रदान कर रही है। इससे न केवल महिलाओं के जीवन में बल्कि पूरे परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
