
मरवाही न्यूज धमाका – जिले में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई। शराब के नशे में धुत एक ब्रेजा कार चालक ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवती ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
हादसा कहां और कैसे हुआ?
घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेवरा गांव के पास की है। मरवाही निवासी स्नेहिल गुप्ता (कार नंबर: CG31B2536) शराब के नशे में ब्रेजा कार चला रहा था और पेंड्रा की ओर तेज रफ्तार से जा रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही तीन युवकों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान:
- गंगाराम गंधर्व (25) – निवासी गिरारी
- रामवतार गोंड (30) – निवासी कुदरी
- भूपेंद्र गोंड (28) – निवासी कुदरी
- शानू केवट (22) – निवासी बंधी (गंभीर रूप से घायल, रास्ते में दम तोड़ा)
कार से मिली शराब की बोतलें
प्रत्यक्षदर्शियों और मृतकों के परिजनों के अनुसार, कार सवार स्नेहिल नशे में पूरी तरह धुत था और टक्कर के बाद भी वह बड़बड़ाता रहा कि “कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता”। कार से शराब की कई बोतलें भी बरामद हुईं।
पुलिस कार्रवाई व आरोपी की हालत
आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि स्नेहिल गुप्ता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल
हादसे के बाद शवों को बिलासपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां दो शवों को एक ही फ्रीजर में रखे जाने से अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चार युवाओं की असामयिक मौत से पूरे गांव और जिले में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस राहत या आश्वासन सामने नहीं आया है।
