
बिलासपुर न्यूज धमाका – तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिनोरी मोड़ के पास शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दीवार से टकरा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार पांच युवक बिलासपुर शहर में प्लंबर का कार्य करते हैं और हादसे के समय अपने गांव काठाकोनी लौट रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वे ग्राम बिनोरी मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज गति के कारण ड्राइवर कार पर से नियंत्रण खो बैठा। कार सीधी सड़क किनारे बनी एक दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में काठाकोनी निवासी पवन रात्रे, खजूरी नवागांव निवासी सुरेश वासुदेव और विजय राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मोनू यादव और जयंत वैष्णव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और लोग गमगीन हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की मांग की है।
सड़क सुरक्षा पर सवाल
यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को सामने लाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।



