छतीसगढ़मुंगेली

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट : कलेक्टर के आदेश पर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में रही छुट्टी, मदद के लिए सामने आई सामाजिक संस्था

18 जुलाई 2026 //

मुंगेली न्यूज़ धमाका – मौसम विभाग की ओर से आगामी 48 से 72 घंटों के दौरान मुंगेली जिले में बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार 18 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया। आदेश के चलते जिलेभर के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी आदेश में कहा है कि जिले में संभावित अत्यधिक वर्षा के कारण अचानक बाढ़, मनियारी एवं शिवनाथ नदियों के जलस्तर में वृद्धि, राजीव गांधी खुड़िया जलाशय में भारी जल आवक तथा शहरी क्षेत्रों में व्यापक जलभराव की आशंका है। ऐसी स्थिति में जनजीवन प्रभावित होने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने तथा मानव एवं पशु जीवन पर खतरा उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

कलेक्टर के आदेश के अनुसार आज शनिवार को जिले के सभी  निजी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं स्थगित करते हुए अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी बंद है। हालांकि विद्यालयों के संस्था प्रमुख, प्राचार्य, शिक्षक एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर विद्यालय की संपत्ति, अभिलेख एवं आवश्यक संसाधनों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय भवनों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखने को कहा गया।

कलेक्टर के आदेश के अनुपालन में जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली ने भी अलग से आदेश जारी कर सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अवकाश का पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश में कहा गया कि अत्यधिक वर्षा और संभावित जलभराव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिला शिक्षा अधिकारी एल पी डाहिरे ने विशेष रूप से ऐसे विद्यालयों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए, जहां भवनों में सीपेज अथवा सिलन की समस्या है। ऐसे विद्यालयों में सभी शासकीय दस्तावेज एवं महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित रखने तथा भवनों की स्थिति की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा जिला प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने की भी अपील की गई है।

पढ़िए क्या है आदेश में मुख्य बिंदु

IMD ने मुंगेली जिले में अगले 48 से 72 घंटे के लिए अत्यंत भारी वर्षा, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की।संभावित बाढ़, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और शहरी जलभराव की आशंका के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट।कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत आदेश जारी किया।आज 18 जुलाई 2026 को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक अवकाश है ।सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी आज बंद है । प्राचार्य, शिक्षक एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर संपत्ति और अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय भवनों का राहत शिविर के रूप में उपयोग किया जाएगा।

DEO ने सीपेज एवं सिलन वाले विद्यालयों की जानकारी तत्काल जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!