
24 अगस्त 2026 //
कोंडागांव न्यूज़ धमाका – हरिभूमि- आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के तीखे सवालों का वन मंत्री केदार कश्यप ने जवाब दिया।
हरिभूमि-आईएनएच के कोंडागांव में आयोजित जिला संवाद में राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर संभाग को 2030 तक विकसित संभाग बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने हरिभूमि आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के तीखे सवालों का जवाब दिया।’जिला संवाद-2026′ में वन मंत्री केदार कश्यप ने कोंडागांव और पूरे बस्तर संभाग के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और योजनाओं पर खुलकर बात की।
संवाद के दौरान कोंडागांव के बहुचर्चित मक्का प्रोसेसिंग प्लांट से लेकर वर्ष 2030 तक बस्तर संभाग के विकास का रोडमैप और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं पर भी उन्होंने अपनी बात रखी। कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि वे उन्हीं कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा जिन्हें पूरा किया जा सके। वहीं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा कर पाने में असफल रही है।
नवंबर-दिसंबर तक शुरू होगा मक्का प्लांट
कोंडागांव के मक्का प्लांट को लेकर पूछे गए सवाल पर वन मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट कहा कि मक्का प्लांट को नवंबर-दिसंबर तक किसी भी हालत में चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्लांट के शुरू होने से क्षेत्र के मक्का उत्पादक किसानों को अपनी उपज के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार इस परियोजना को लेकर गंभीर है और इसके संचालन में आ रही अड़चनों को दूर कर जल्द उत्पादन शुरू कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
2030 तक विकसित संभाग बनाने का लक्ष्य
वन मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बस्तर संभाग को विकसित संभाग के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए बस्तर के सभी जिलों में विकास कार्यों को गति देने, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर की परिस्थितियों और यहां की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि आने वाले वषों में बस्तर विकास के नए मॉडल के रूप में सामने आए।
कांग्रेस की योजनाओं पर केदार कश्यप का तंज
जिला संवाद के दौरान कांग्रेस सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए केदार कश्यप ने राजनीतिक तंज भी कसा। उन्होंने गोबर खरीदी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि “हमारे कार्यकाल में लाखों का गोबर देने वाली गाय नहीं मिली है।”
डीएमएफ फंड को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
केदार कश्यप ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) फंड के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की तरह डीएमएफ फंड की जांच की मांग करने की जरूरत नहीं पड़ी है। उन्होंने इस बयान के जरिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में डीएमएफ फंड के इस्तेमाल को लेकर उठे सवालों पर निशाना साधा और भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली को बेहतर बताया।
लता बोलीं-जिन कार्यों को पूरा करेंगे उन्हीं का भूमिपूजन
कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने जिले के विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित किया जा सके। विधायक लता उसेंडी ने कहा कि “हम उन्हीं कार्यों का भूमि पूजन करेंगे, जिनका लोकार्पण कर सकें।” उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की घोषणा और भूमि पूजन के बाद उन्हें लंबे समय तक अधूरा छोड़ने की बजाय समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले में होने वाले विकास कार्यों को लेकर सरकार गंभीर है और जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोंडागांव में बनेगा ट्राइबल म्यूजियम
लता उसेंडी ने बताया कि, कोंडागांव में ट्राइबल म्यूजियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जिले की आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को प्रदर्शित करने के साथ कोंडागांव की पहचान और गौरव को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति देश-दुनिया के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है और ट्राइबल म्यूजियम के माध्यम से कोंडागांव की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सकेगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
विधायक ने कहा कि, कोंडागांव जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में मौजूद प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक कोंडागांव की ओर आकर्षित हों। उन्होंने बताया कि जिले की एक पहाड़ी का सौंदर्याकरण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है।
पूर्ण शराबबंदी का नारा देने वाली भाजपा ने गली-गली में शराब की दुकानें खोलींः मरकाम
कांग्रेस के पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार के वादों और नीतियों पर सवाल उठाते हुए शराबबंदी से लेकर संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तक कई मुद्दे उठाए। मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी का नारा देकर जनता से समर्थन मांगा था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार ने अपने वादे के विपरीत काम किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि “पूर्ण शराबबंदी का नारा देने वाली भाजपा ने पूरे प्रदेश में गली-गली में शराब की दुकानें खोल दी हैं। श्री मरकाम ने कहा कि शराबबंदी को लेकर भाजपा ने जनता के सामने जो वादा रखा था, उस पर सरकार को जवाब देना चाहिए कि वह वादा अब कहां है और प्रदेश में शराब की बिक्री को लेकर सरकार की नीति क्या है। उन्होंने संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संविदा कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
सत्ता और विपक्ष के जनप्रतिनिधि एक मंच पर
जिला संवाद की खास बात यह रही कि इसमें अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रमुख जनप्रतिनिधि एक मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम तथा कांग्रेस के पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, अमीन मेमन, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।



