
24 अगस्त 2026 //
कवर्धा न्यूज़ धमाका – कवर्धा में पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट और 1600 रिक्त पदों की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव कर CM से मिलने की मांग की।
छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और 1600 रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर कवर्धा में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। तीन दिनों से जारी प्रदर्शन के बीच अभ्यर्थियों और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के बीच बातचीत के दौरान बहस हो गई। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को उनकी मांगों को लेकर आश्वस्त किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
गृह मंत्री से बातचीत के बाद भी नहीं माने अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों से मिलने के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी मांगें उनके सामने रखीं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
रात में गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव
बातचीत के बाद रात में बड़ी संख्या में पुलिस अभ्यर्थियों ने गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारी कार्यालय के गेट के सामने बैठ गए और कुछ अभ्यर्थी सड़क पर लेटकर भी नारेबाजी करते नजर आए। बाजे-गाजे के साथ अभ्यर्थियों का प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा।
मुख्यमंत्री से सीधे चर्चा की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद कवर्धा पहुंचें और उनसे सीधे बातचीत करें। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यालय के अंदर फंसा गृह मंत्री का वाहन
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब गृह मंत्री का वाहन और कई कार्यकर्ता कार्यालय के अंदर ही फंस गए। बाद में विजय शर्मा को दूसरे वाहन से कार्यालय से निकलकर अपने घर जाना पड़ा। पुलिस अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर अभी भी गृह मंत्री के कार्यालय के गेट पर डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जल्द जारी की जाए और 1600 रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाए।



