
06 अगस्त 2026 //
पेंड्रा न्यूज़ धमाका – पेंड्रा जिले के मरवाही वनमंडल में तीन जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। कुम्हारी गांव में हाथियों ने घर में घुसकर राशन खाया।
छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के मरवाही वनमंडल में एक बार फिर जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मध्यप्रदेश की ओर से आए तीन हाथियों का दल मरवाही वन परिक्षेत्र के कुम्हारी और चिचगोहना गांव तक पहुंच गया है।
उत्पात मचाकर खा गया घर का राशन
बताया जा रहा है कि, हाथियों ने देर रात कुम्हारी क्षेत्र में एक ग्रामीण के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान घर में रखा राशन खा लिया और सामान को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात भय के साये में रहे।
किसानों और ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
वर्तमान में क्षेत्र में खेती-बाड़ी का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। ऐसे समय में हाथियों की आमद से किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में काम करने और रात के समय घरों से बाहर निकलने को लेकर लोग सतर्क हैं
वन विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने, रात में अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने और हाथियों के दल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।



