छतीसगढ़रायपुर

घर बैठे कमाई का लालच देकर लाखों की वसूली, भारत ग्रुप के खिलाफ कलेक्टर और पुलिस से शिकायत

05 अगस्त 2026 //

रायपुर न्यूज़ धमाका – रायपुर राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित वॉलफोर्ट ओजोन में संचालित भारत ग्रुप पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने रायपुर कमिश्नरेट से शिकायत की है। पीड़ित छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिले से हैं। आरोप है कि कंपनी ने अगरबत्ती बनाने की मशीन, बायबैक गारंटी और रोजगार का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए वसूल लिए। इस मामले की शिकायत जनदर्शन में कलेक्टर से की गई है। इसके अलावा कंपनी के खिलाफ FIR की मांग को लेकर पीड़ित आज रायपुर कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचे।

पीड़ितों के मुताबिक, कंपनी ने विज्ञापनों के जरिए घर बैठे हर महीने 18 हजार से 60 हजार रुपए कमाने का दावा किया था। कंपनी ने भरोसा दिलाया था कि उसकी मशीन रोज 80 से 100 किलो अगरबत्ती बनाएगी और तैयार माल तय कीमत पर खुद खरीद लेगी। मशीन की सर्विस और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी कंपनी ने लेने की बात कही थी।

लाखों रुपए खर्च किए, लेकिन मशीनें नहीं चली

शिकायत में कहा गया है कि लोगों ने अपनी जमा पूंजी और कर्ज लेकर 1.10 लाख से 1.20 लाख रुपए तक में मशीनें खरीदीं, लेकिन मशीनों का सही तरीके से इंस्टॉलेशन नहीं किया गया। कई मशीनें पूरी तरह बंद पड़ी है, जबकि जो चल रही है वे 15 से 20 किलो उत्पादन भी नहीं दे पा रही है।

GST बिल नहीं देने और टैक्स चोरी का आरोप

पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी ने मशीन बेचते समय वैध GST बिल नहीं दिया। सिर्फ कच्चा चालान देकर लेन-देन किया गया। शिकायत में इसे टैक्स चोरी का मामला बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने कागजों में जितना कच्चा माल दिखाया, उतना वास्तविक में नहीं भेजा। कई बोरियों में 2 से 3 किलो तक वजन कम निकला। पीड़ितों का कहना है कि डिजिटल कांटे से वजन करने की तस्वीरें उनके पास सबूत के तौर पर मौजूद हैं।

तैयार माल नहीं खरीदा, लाखों का नुकसान

पीड़ितों के अनुसार, कंपनी ने तैयार अगरबत्ती खरीदने का वादा भी पूरा नहीं किया। अलग-अलग बहाने बनाकर माल लेने से इनकार कर दिया गया, जिससे बड़ी मात्रा में तैयार माल खराब हो गया। साथ ही रिजेक्शन के नाम पर मनमानी कटौती करने का भी आरोप लगाया गया है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!