
04 अगस्त 2026 //
बेमेतरा न्यूज़ धमाका – बेमेतरा में शिक्षिका प्रतीक जैन ने पिता की स्मृति में 98 विद्यार्थियों को टाई-बेल्ट वितरित किए। साथ ही 6 जरूरतमंद बच्चों की 12वीं तक की पढ़ाई का जिम्मा भी उठाया
साजा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानों की नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन ने अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय मोती चंद संचेती की स्मृति को सेवा का माध्यम बनाते हुए उनके जन्मदिवस पर विद्यालय के माध्यमिक विभाग के सभी 98 विद्यार्थियों को टाई एवं बेल्ट उपहार स्वरूप वितरित किए। उनकी इस पहल की विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने सराहना की।
स्वर्गीय मोती चंद संचेती बालोद जिले के डौंडी लोहारा के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं समाजसेवी थे। उनका पिछले वर्ष 26 मई को उपचार के दौरान निधन हो गया था। पिता की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से शिक्षिका प्रतीक जैन लगातार विद्यार्थियों के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य कर रही हैं।
बच्चों को उपलब्ध करा चुकी हैं शैक्षणिक सामग्री
इससे पहले भी वे विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पहाड़ा, स्लेट, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा चुकी हैं। इतना ही नहीं, समुदाय के सहयोग से कई बच्चों को टाई-बेल्ट, जूते, मोजे और अन्य शैक्षणिक संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं।
छह विद्यार्थियों के पढाई की ली जिम्मेदारी
शिक्षिका की सबसे प्रेरणादायक पहल यह है कि उन्होंने विद्यालय के छह विद्यार्थियों- केसर, देवपीका, निलेश, चंचल, जागृति और केसरी की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। वे हर वर्ष इन विद्यार्थियों को पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराती हैं, ताकि आर्थिक अभाव उनकी शिक्षा में बाधा न बने।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य द्वारिका राम वर्मा, प्राथमिक प्रधान पाठक उत्तम साहू, कनकलता सरसुधे, अवध राम वर्मा, दीनदयाल वर्मा, प्रज्ञा जैन, अमृतलाल गुप्ता सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



