
04 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – संत रविदास जयंती की तैयारियों के तहत आयोजित कलश वंदन अभियान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सामाजिक समरसता और संत परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई अहम घोषणाएं कीं
संत रविदास जयंती की तैयारियों के तहत आयोजित कलश वंदन अभियान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सामाजिक समरसता और संत परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
माघी पूर्णिमा पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हर वर्ष संत रविदास जयंती के अवसर पर माघी पूर्णिमा के दिन पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रदेशवासियों की आस्था और संत रविदास के प्रति सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
संत रविदास के नाम पर मिलेगा राज्य अलंकरण पुरस्कार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू किया जाएगा। यह सम्मान समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाएगा।
नया रायपुर में संत रविदास के नाम से होगा प्रमुख चौक
सरकार ने नया रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम संत रविदास के नाम पर रखने का निर्णय भी लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियां उनके समाज सुधार और समानता के संदेश को याद रखेंगी।
विधानसभा परिसर में अंकित होगा संत रविदास का संदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में संत रविदास का प्रेरणादायी संदेश अंकित कराया जाएगा। उनका मानना है कि लोकतंत्र के इस सर्वोच्च मंच पर सामाजिक न्याय और समानता का संदेश अंकित होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय होगा।
समरस समाज बनाने का किया आह्वान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास ने जाति-पाती और संदेश से ऊपर उठकर मानवता और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाया। उन्होंने प्रदेशवासियों से उनके आदर्शों को अपनाकर समरस और समानतापूर्ण समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।



