
धमतरी न्यूज़ धमाका – धमतरी जिले में खेत में मिली कब्र से महिला की हत्या की आशंका फैल गई। बता दें कि, महिला की मौत बीमारी से हुई थी और सामाजिक बहिष्कार के कारण पति ने घर के पीछे ही दफनाया था।
जिले के बोरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमानारा गांव में हड़कंप मच गया। दरअसल, ग्रामीणों को एक खेत में ताजी खुदी हुई कब्र दिखाई दी। 30 मई से लापता महिला बिंदा बाई का शव इसमें होने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों के बीच हत्या और संदिग्ध मौत की अफवाहें तेजी से फैल गईं, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में सामने आई असलियत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले जिला अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाले, जिससे चौंकाने वाला और संवेदनशील सच सामने आया। जांच में पता चला कि बिंदा बाई लापता नहीं हुई थीं, बल्कि तबीयत खराब होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 30 मई को अस्पताल में ही उनकी मृत्यु हो गई थी।
5 साल से चल रहा था सामाजिक बहिष्कार
पूछताछ में यह बात सामने आई कि, मृतका का परिवार पिछले लगभग पांच वर्षों से गांव में सामाजिक बहिष्कार का दंश झेल रहा था। दरअसल, मृतका का पति दो पत्नियों के साथ रहता है, जिसके कारण समाज ने इस परिवार को खुद से अलग-थलग कर दिया था।
घर के पीछे बाड़ी में दफनाया शव
सामाजिक बहिष्कार के चलते पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गांव के श्मशान में अंतिम संस्कार करना मुमकिन नहीं था। इस मजबूरी और अकेलेपन के कारण, महिला की मौत के बाद उसके पति ने शव को किसी अन्य जगह ले जाने के बजाय अपने ही घर के पीछे स्थित बाड़ी (खेत) में दफना दिया था।
हत्या की आशंका निकली पूरी तरह निराधार
जिला अस्पताल से मिले आधिकारिक दस्तावेजों और साक्ष्यों के मिलान के बाद पुलिस ने यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है कि महिला की मौत सामान्य बीमारी की वजह से हुई थी। इसमें किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या हत्या के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
गाँव में हत्या का भ्रम हुआ शांत
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि, चूंकि मौत प्राकृतिक थी और अस्पताल के रिकॉर्ड दुरुस्त हैं। इसलिए शव को दोबारा बाहर निकालने की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। फिलहाल, पुलिस इस मामले में जरूरी दस्तावेजी और कानूनी प्रक्रिया को पूरा कर रही है। पुलिस की इस तत्परता से ग्रामीणों के बीच फैला तनाव और हत्या का भ्रम अब पूरी तरह शांत हो चुका है।



