
कोंडागांव न्यूज धमाका – जिले में मंगलवार सुबह एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई। नगर पालिका की सफाई टीम जब नियमित सफाई अभियान के तहत बंधा तालाब से जलकुंभी हटाने का काम कर रही थी, तभी अचानक पानी की सतह पर एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया।
कर्मचारियों ने तुरंत काम रोका और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोंडागांव पुलिस ने स्थानीय लोगों और नगर पालिका टीम की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान कमल सिंह ठाकुर, निवासी कोंडागांव, के रूप में हुई है।
नगर पालिका कर्मचारी संतोष ने बताया कि सुबह जब जलकुंभी हटाई जा रही थी, तभी कुछ संदिग्ध वस्तु नजर आई। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक शव था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत डूबने से हुई या किसी अन्य वजह से।



