
दुर्ग न्यूज धमाका – एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस विभाग में अनुशासन का संदेश देते हुए यातायात विभाग में पदस्थ आरक्षक अर्जुन दुबे को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, दुबे सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में ट्रक और छोटे मालवाहक वाहनों से अवैध रूप से ₹200 से ₹2000 तक वसूल करता था। पहले भी व्यापारियों ने इसकी शिकायत यातायात प्रभारी एएसपी ऋचा मिश्रा को की थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दुबे ने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से ₹5600 अपनी बैंक खाते में ली थी। एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपों को प्रमाणित किया।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया के दौरान आरोपी को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले उसे कर्तव्य में लापरवाही के कारण वेतनवृद्धि रोकने का दंड भी दिया जा चुका था। अंततः पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 221 (क) के तहत उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।
इसी बीच, स्मृति नगर चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को फरियादियों से दुर्व्यवहार के आरोप में लाइन अटैच किया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें रक्षित केंद्र में स्थानांतरित किया गया।
एसएसपी अग्रवाल ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।



