
कोण्डागांव न्यूज धमाका – स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान समारोह का आयोजन जिला कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिले के 18 शिक्षकों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए उत्कृष्ट प्राचार्य, ज्ञानदीप, शिक्षा दूत और उत्कृष्ट प्रधान पाठक की श्रेणियों में सम्मानित किया गया। साथ ही 65 सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
विधायक लता उसेंडी ने की शिक्षकों की सराहना
मुख्य अतिथि सुश्री उसेंडी ने कहा कि राष्ट्र और समाज के निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। शिक्षक नई पीढ़ी को सही दिशा देते हैं और आदर्श नागरिक बनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षक आगे भी बच्चों को सही मार्गदर्शन देकर मजबूत पीढ़ी का निर्माण करेंगे।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
कलेक्टर सुश्री नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि सम्मान से नई ऊर्जा और कार्य के प्रति लगन बढ़ती है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों को मॉडल स्कूल बनाने, बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने, कम्प्यूटर व लाइब्रेरी की सुविधाएं विकसित करने और औषधीय पौधों का रोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे ये गणमान्य
समारोह में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, मनोज जैन, दीपेश अरोरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल और शिक्षा विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।



