
बलौदाबाजार न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुर गौठान के पास हुई, जहां 4 सितंबर को जोंक नदी किनारे एक व्यक्ति की लाश मिली थी।
मृतक की पहचान ग्राम पिसीद निवासी शिवप्रसाद साहू (36 वर्ष) के रूप में हुई। शव के दोनों हाथ बंधे हुए थे और शरीर पर गहरे चोट के निशान थे।
भतीजे ने कबूला गुनाह
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक का भतीजा डिगेश साहू (19 वर्ष) ही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
ऐसे रची गई साजिश
आरोपी डिगेश ने पुलिस को बताया कि उसका चाचा गुस्सैल स्वभाव का था और अक्सर परिवार से विवाद करता था। इससे तंग आकर उसने अपने दोस्त आकाश निर्मलकर (20 वर्ष) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
1 सितंबर को दोनों आरोपियों ने शिवप्रसाद को जोंक नदी किनारे ले जाकर पहले शराब पिलाई और फिर धारदार हथियार (चाकू और टंगिया) से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नदी किनारे रेत में दफना दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।