
कोंडागांव न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने 5 सितंबर को 188 बटालियन का दौरा कर जवानों का मनोबल बढ़ाया और नव-निर्मित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

परिचालनिक तैयारियों की समीक्षा और जवानों से संवाद
महानिदेशक ने ए/188 कंपनी केशकाल का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियानों की तैयारियों की समीक्षा की। कोंडागांव मुख्यालय में उन्होंने अधिकारियों के साथ रणनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की और जवानों से संवाद कर उन्हें नक्सलवाद के समूल नाश के लिए प्रेरित किया।

460 शहीद जवानों को समर्पित स्मारक का लोकार्पण
ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण किया, जो 1 जनवरी 2003 से 15 अगस्त 2025 तक नक्सलियों के खिलाफ शहीद हुए 460 CRPF जवानों और 20 अधिकारियों को समर्पित है।
कार्यक्रम में गूंजे देशभक्ति के नारे
समारोह के दौरान विशेष महानिदेशक वितुल कुमार, अपर महानिदेशक अमित कुमार, छत्तीसगढ़ सेक्टर के आईजी शालिन समेत वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में “अमर शहीद जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।



