
रायपुर न्यूज धमाका – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जहां सरकार पर हमला बोल रही है, वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि—
“यही कांग्रेस थी जिसने नर्सों पर एस्मा लगाकर उन्हें बर्खास्त किया था, वेतन रोका था। आज उसी कांग्रेस को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। यह उनका दोहरा चरित्र है।”
मंत्री की अपील
जायसवाल ने मीडिया से चर्चा में NHM कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि—
- कर्मचारियों की कई मांगों पर पहल की जा चुकी है।
- कुछ मांगें केंद्र सरकार के दायरे में आती हैं, जिनके लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
- स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है, सभी सेवाएँ जारी हैं।
“सरकार NHM कर्मचारियों के साथ है और उन्हें अधिक से अधिक लाभ देने का प्रयास कर रही है।”
आयुष्मान कार्ड भुगतान विवाद
आयुष्मान योजना से इलाज करने वाले अस्पतालों के भुगतान को लेकर भी मंत्री ने कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ा। उन्होंने कहा—
- पिछली कांग्रेस सरकार 1400 करोड़ का कर्ज छोड़कर गई थी।
- वर्तमान सरकार ने 20 महीने में सभी लंबित भुगतान कर दिए।
- जून तक निजी और सरकारी अस्पतालों के बिल चुकाए गए।
- हाल ही में केंद्र से 375 करोड़ की राशि जारी हुई है, जिससे कुल 500 करोड़ का भुगतान होगा।
शराब घोटाला और कांग्रेस पर निशाना
ईओडब्ल्यू की चार्जशीट पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि—
“देश के इतिहास में पहली बार चुनी हुई सरकार ने खुद अपने खजाने की डकैती की। कांग्रेस ने दो पैरेलल काउंटर खोलकर शराब बेची और नियमों में बदलाव कर भ्रष्टाचार किया। इसकी जांच होनी चाहिए।”
अमेरिका के टैरिफ पर प्रतिक्रिया
अमेरिका द्वारा टैरिफ लगाने के मुद्दे पर जायसवाल ने कहा कि भारत अब पहले जैसा कमजोर नहीं है।
“छत्तीसगढ़ से 5% भी चीज अमेरिका नहीं जाती। चाहे जितना भी टैरिफ लगा लें, हम झुकेंगे नहीं। भारत सक्षम है।”



