
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के पशुधन एवं मछलीपालन मंत्री रामविचार नेताम ने आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभाग संभालने के बाद यह उनकी पहली समीक्षा बैठक रही।
हाइवे पर घूमंतु पशुओं की सुरक्षा
मंत्री नेताम ने बैठक में कहा कि गाय हमारी आस्था और संवेदनाओं से जुड़ी है, लेकिन अक्सर स्टेट और नेशनल हाइवे पर घूमंतु पशु दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस व्यवस्था हो और घायल पशुओं के उपचार हेतु बेहतर तंत्र विकसित किया जाए। साथ ही नगरीय निकायों के समन्वय से पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मछलीपालन में नवाचार और फिश एक्वेरियम हाऊस
मंत्री नेताम ने मछलीपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न किस्म की मछलियों का उत्पादन हो रहा है, जिनमें बस्तर का झींगापालन भी शामिल है। उन्होंने नवा रायपुर अटल नगर में विश्वस्तरीय फिश एक्वेरियम हाऊस बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इसके लिए अधिकारियों को चंडीगढ़, गुजरात एवं अन्य राज्यों का अध्ययन दौरा करने और परियोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने हर जिले में दो-दो फिश प्रदर्शन तालाब बनाने, नीलक्रांति योजना को बढ़ावा देने, नई फिनफिश हैचरीज, मत्स्य बीज उत्पादन और आधुनिक तकनीकों जैसे केज कल्चर, पंगेसियस हैचरी और तेलपिया कल्चर को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।
पशुपालकों के लिए योजनाएं
मंत्री नेताम ने कहा कि हर क्षेत्र के अनुरूप पशुपालन, बकरीपालन, मुर्गीपालन और सूकरपालन की गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने पशुपालकों के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रशिक्षण देने और किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने पर बल दिया। सरगुजा, बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर में स्लाइज उत्पादन पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।
पीएम मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने नवाचार और तकनीकी उपयोग पर जोर दिया है। छत्तीसगढ़ में भी मत्स्यपालकों को योजनाबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाने के लिए काम किया जाएगा।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सहला निगार, पशुधन विभाग के संचालक चंद्रकांत वर्मा, मछलीपालन विभाग के संचालक नारायण सिंह नाग सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



