
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान प्रवास के दौरान रविवार को टोक्यो स्थित लिटिल इंडिया पहुँचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।
गांधी के विचार पूरे विश्व के लिए प्रेरणा – सीएम साय
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी का शांति, अहिंसा और सद्भाव का अमर संदेश केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के लिए मानवता का प्रेरणास्त्रोत है।
उन्होंने कहा कि टोक्यो स्थित ‘लिटिल इंडिया’ में लगी गांधी प्रतिमा भारत-जापान मैत्री और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है। यह स्थान न केवल जापान में रह रहे भारतीय समुदाय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जापानी नागरिकों को भी भारत की महान परंपराओं और मूल्यों से परिचित कराता है।
प्रतिनिधिमंडल भी रहा मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय के साथ उनका प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। कार्यक्रम के दौरान भारतीय समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे और उन्होंने गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।



