
दुर्ग,न्यूज़ धमाका :-दुर्ग निगम में इन दिनों अधिकारियों की कमी के वजह से नए निर्माण व विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने में दिक्कत हो रही है। निगम के दो कार्यपालन अभियंता तबादला पर अन्य जिला चले गए। एक कार्यपालन अभियंता अवकाश पर है।
दुर्ग निगम क्षेत्र में 60 वार्ड है। निगम के वार्डों में आंतरिक विकास जैसै नाली,सड़क सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ने दुर्ग को 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। लेकिन इसके लिए नगर निगम को कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजना पड़ेगा। प्रस्ताव भेजने के बाद ही निगम को राशि मिल पाएगी। नगर निगम में तीन कार्यपालन अभियंता और चार एई है।
इसके अलावा तीन इंजीनियर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके हैं। अधिकारियों की कमी का असर निगम की कार्यप्रणाली पर देखने को मिल रहा है।
दो कार्यपालन अभियंता मोहन पुरी गोस्वामी और नेमी चंद जैन तबादला पर अन्य जिला चले गए हैं। एक कार्यपालन अभियंता अवकाश पर है वैसे भी उसके सेवानिवृत्ति में दो महीने का समय शेष है। ऐसे में नए निर्माण व विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करने में दुर्ग निगम को दिक्कत हो रही है।
नगर निगम के पार्षद वार्डों में आंतरिक विकास के लिए लंबे समय से राशि की मांग कर रहे थे। कई वार्ड के गली,मोहल्लों में अभी भी सड़क और नाली नहीं बन पाई है। इन कार्यों के लिए पार्षद समय समय पर निगम प्रशासन से पत्राचार भी करते रहे हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पार्षदों और शहरवासियों की उम्मीदें बढ़ गई है। इस कारण कार्यों का प्रस्ताव जल्द तैयार कर भेजने का दबाव निगम प्रशासन पर भी है।



