
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स जब्ती मामले में सोमवार को 8 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी न केवल ड्रग्स का सेवन करते थे बल्कि इसका अवैध कारोबार भी करते थे। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह एक संगठित ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा है, जो पाकिस्तान से ड्रग्स मंगाकर छत्तीसगढ़, खासकर रायपुर में सप्लाई करता था।
इससे पहले गिरफ्तार 9 आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया था। आरोपियों में कुछ ‘कुरियर बॉय’ की तरह पैकेज में ड्रग्स पहुंचाते थे। नए आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि रायपुर में इस नेटवर्क के करीब 300 से ज्यादा ग्राहक हैं, जिनमें कॉलेज छात्र, युवा पेशेवर और कुछ कारोबारी भी शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है। इस नेटवर्क की पूरी चेन तोड़ने के लिए रायपुर पुलिस के साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) मिलकर जांच कर रहे हैं।



