
तापी न्यूज़ धमाका /// जिले में सोनगढ़ के मांडल टोल नाके पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बारातियों से भरी यह बस महाराष्ट्र से सूरत लौट रही थी। बस में करीब 40 लोग सवार थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे ड्राइवर का स्टीयरिंग पर काबू नहीं रहा और फुल स्पीड में बस टोल नाके के ब्रेकर को लांघते हुए सीधे कैबिन में जा घुसी। इससे कैबिन में बैठी महिला कैशियर भी हादसे का शिकार हो गई। वहीं, कैबिन के पास खड़ी एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी भी घायल हो गया।
हादसे में बारातियों और टोल नाके के 3 कर्मचारियों समेत 15 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर है। इन सभी को सोनगढ़ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। हादसा टोल नाके के CCTV कैमरे में कैद हो गया।हादसे में ड्राइवर-कंडक्टर और अन्य दो व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई हैं। चारों को तापी जिले के सिविल अस्पताल रेफर किया गया है
