
धमतरी न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रायपुर मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर तामेश्वर साहू ने अपना ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर रखा था और पैदल ही आगे बढ़ रहा था, तभी कोसमर्रा पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तामेश्वर साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना भखारा थाना क्षेत्र की है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया और उन्होंने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। यह इलाका पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह रह चुका है।



